बरेली। सीएमओ कार्यालय में एक बार फिर रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें विभाग का एक बाबू चिकित्सा प्रतिपूर्ति की फाइल पास कराने के लिए 18 सौ रुपये मांगता दिख रहा है। संबंधित वीडियो शासन को भेजकर जांच, कार्रवाई की मांग हुई है।
वायरल वीडियो पुराना बताया जा रहा है, क्योंकि नजर आ रहा बाबू वर्तमान में नेशनल हेल्थ मिशन का पटल देख रहा है। जबकि वीडियो में वह चिकित्सा प्रतिपूर्ति का पटल संभालता नजर आ रहा है। हालांकि, वायरल हुए वीडियो की जांच सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने कराने की बात कही है, क्योंकि वीडियो में रुपये लेने जैसा कोई फुटेज नहीं है। सिर्फ बातचीत तक सीमित है। जो दो युवकों से 18 सौ रुपये मिलने पर ही फाइल पर अधिकारी के हस्ताक्षर किए जाने की बात कह रहा है। वहीं, रसीद मांगने पर कह रहा है कि इन रुपयों की कोई रसीद नहीं दी जाती।
बताया जाता है कि स्वास्थ्य विभाग के ग्रुपों पर वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में चर्चाओं का दौर जारी है। जिस पर कुछ चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों ने जांच कराने की मांग भी अधिकारियों से की है। क्योंकि ऐसे वीडियो से विभागीय छवि धूमिल हो रही है। अमर उजाला ब्यूरो