बरेली। कोतवाली पुलिस ने कैंट के चर्चित गांव बभिया के हिस्ट्रीशीटर संजीव उर्फ लाला और उसके दोस्त नूर हसन को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक बरामद कर लीं। दोनों मुकदमों में पेशी पर आने के दौरान बाइक चोरी करते थे।
कोतवाली प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि कचहरी के आसपास इलाके से लगातार दोपहिया वाहन चोरी हो रहे थे। कोर्ट के पास से हाल ही में चार बाइकें चोरी हुई थीं। पुलिस टीम ने सुरागकशी के बाद इस्लामिया कॉलेज मैदान में खड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता लगा कि वह बाइक चोर हैं और खरीदार के इंतजार में खड़े हैं। उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें, एक तमंचा, एक कारतूस व चाकू बरामद किया गया। ब्यूरो
-
गलत संगत में बने अपराधी, कई मुकदमे दर्ज
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी संजीव उर्फ लाला बभिया गांव का निवासी है। बभिया में पहले बदमाशों का आतंक रहा है। संजीव ने बताया कि उसके पिता का 2020 में निधन हो गया था। मां पानवती खेती करती हैं। संजीव ने ग्राम मिर्जापुर में कक्षा दो तक पढ़ाई की थी। वर्ष 2009 से वह गलत संगत में पड़कर लूट डकैती व वाहन चोरी करने लगा। जबकि भमोरा के कुढ़हा गांव निवासी नूर हसन बिल्कुल अनपढ़ है। उसके चार भाई व दो बहनें थीं। इनमें दो भाइयों और पिता की मौत हो चुकी है। वह भी गलत संगत में पड़कर चोरी करने लगा।