बरेली। बढ़ती आबादी के सापेक्ष स्वास्थ्य सेवा के विस्तार के लिए जिले में जल्द ही 19 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का संचालन शुरू होगा। नगर निगम सीमा में 10 और चार नगर पालिकाओं में नौ आरोग्य मंदिर खुलेंगे। स्वास्थ्य विभाग संचालन के लिए भवन की तलाश कर रहा है।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक, अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर मलिन बस्तियों के साथ ही करीब 20 हजार की आबादी के क्षेत्र में संचालित किए जा रहे हैं। आरोग्य मंदिर संचालन का उद्देश्य स्वास्थ्य देखभाल की गुणवत्ता बढ़ाना, असमानताएं कम करना, दूरदराज के केंद्र तक पहुंचने में असमर्थता के चलते निजी अस्पताल या बगैर परामर्श मेडिकल स्टोर से दवा लेने पर अंकुश लगाकर बेहतर इलाज करना है।
केंद्र पर स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवा, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, प्रबंधन, मरीजों को सेवा की जानकारी देंगे।
इन जगहों पर खुलेंगे केंद्र नगर निगम सीमा में महलऊ, कुसुमनगर, लीची बाग, वीर सावरकर नगर, पटेल विहार, बड़ी बमनपुरी, मुस्तफा नगर, बाग अहमद अली, बाग ब्रिगटान, राजीव नगर कॉलोनी में केंद्र खुलेंगे। बहेड़ी में शाहगढ़ और महादेवपुरम, आंवला में कच्चा कटरा व नई बस्ती गौटिया, फरीदपुर में मिर्धान मोहल्ला, भूरे खां गौटिया, नवाबगंज में पश्चिमी नई बस्ती, बगिया मोहल्ला, भट्टा मोहल्ला में आरोग्य मंदिर खुलेंगे।
केंद्रों पर स्टाफ, मरीजों के लिए उपलब्ध सेवाएं
आयुष्मान आरोग्य मंदिर न्यूनतम 14 सौ वर्गफीट एरिया में संचालित होगा। भवन उपलब्धता के लिए आवेदन मांगे गए हैं। जिनकी जांच के बाद केंद्र संचालित होंगे। इसमें चिकित्सक कक्ष, ओपीडी, औषधि भंडार एवं वितरण कक्ष, टीकाकरण, काउंसलिंग कक्ष, स्टाफ नर्स कक्ष, परीक्षण कक्ष, वेटिंग रूम, पंजीकरण कक्ष, स्टाफ, मरीज के लिए शौचालय, वेलनेस कक्ष, डे केयर रूम आदि सुविधा रहेगी। ब्यूरो