बरेली। अयोध्या मामले में कोर्ट का फैसला आने को लेकर सरकारी मशीनरी शुक्रवार की शाम से ही टेंशन में आ गई। शुक्रवार की रात अफसरों की नींद उड़ी रही। देर रात तक अगले दिन की प्लानिंग बनाते हुए सुबह होते ही सड़कों पर दौड़ लगाने लगे। कमिश्नर और डीएम सहित दूसरे अफसर अलर्ट रहते हुए तमाम इलाकों में देर रात तक दौरा करके मातहतों से पल-पल की जानकारी लेते रहे।
अयोध्या मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन कई दिन से प्लानिंग बनाने में जुटा हुआ था। इस बीच शुक्रवार की शाम जैसे ही यह सूचना आई कि अगले दिन शनिवार की सुबह इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना है, इसके बाद पूरी सरकारी मशीनरी अलर्ट हो गई। कमिश्नर रणवीर प्रसाद और डीएम नितीश कुमार सहित दूसरे प्रशासनिक अफसरों की नींद उड़ गई। देर रात तक अफसर शासन से बात करते हुए तैयारियों में जुटे रहे। पूरी रात जबरदस्त तनाव के बाद शनिवार सुबह होते ही अफसर ड्यूटी पर आ गए। कलक्ट्रेट में एडीएम सिटी महेंद्र कुमार के दफ्तर में सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार के साथ सभी एसीएम सहित दूसरे अफसर पहुंच गए। सुबह साढ़े आठ बजे तक अफसरों ने चेकिंग शुरू कर दी।
उधर, डीएम नितीश कुमार भी स्थिति पर जायजा लेने के लिए एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के साथ कोतवाली, प्रेमनगर, इज्जतनगर समेत कई इलाकों में घूमे। देर रात उन्होंने सीबीगंज का दौरा किया। उधर, कमिश्नर रणवीर प्रसाद भी अयूब खां चौराहा सहित कई जगहों पर मौजूद रहकर स्थिति का जायजा लेते रहे।