बरेली। ऑटो और ई-रिक्शा की बेलगाम दौड़ पर नकेल कसने के लिए यातायात पुलिस ने सोमवार को दो मार्गों पर वन वे व्यवस्था लागू कर दी। अब ऑटो और ई-रिक्शा जंक्शन से कलक्ट्रेट की ओर नहीं आ सकेंगे। एसएसपी ऑफिस से सर्किट हाउस की ओर भी नहीं जा सकेंगे।
कलक्ट्रेट और आसपास के क्षेत्र को बफर जोन बनाकर यातायात नियंत्रण की तैयारी है। विभिन्न मार्गों से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को एसबीआई तिराहा, रजिस्ट्री ऑफिस तिराहा और एसएसपी कार्यालय के सामने ही रोक दिया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत पहले दिन यातायात संचालन में कुछ दिक्कतें भी पेश आईं। एकल मार्ग व्यवस्था के उल्लंघन पर 15 ऑटो और ई-रिक्शा का चालान भी किया गया। यह व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर लागू की गई है।
सफल होने पर शहर के अन्य रूटों पर भी इसे लागू किया जाएगा। कुछ मार्गों पर ई-रिक्शा, ऑटो का आवागमन प्रतिबंधित किया जाएगा।
आरटीओ कार्यालय में हर माह 400-500 नए ई-रिक्शा और ऑटो का पंजीकरण हो रहा है। इनके लिए रूट निर्धारित नहीं किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस एक माह से औपचारिकता के लिए कोना छोड़ो अभियान चला रही है, लेकिन सुधार नहीं हो रहा। आलम यह है कि 12,360 ई-रिक्शा और 5,337 ऑटो बिना फिटनेस के फर्राटा भर रहे हैं।
इनको नियंत्रित करने के लिए मई 2025 में एकल दिशा मार्ग की योजना तैयार की गई थी, लेकिन परवान नहीं चढ़ सकी थी। अमर उजाला ने 15 फरवरी के अंक में इस मामले को प्रकाशित किया था। ट्रैफिक पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए कवायद शुरू की है।