बरेली। बहेड़ी स्थित केसर चीनी मिल की मुड़िया मुकर्रमपुर स्थित कुर्क की गई 11.443 हेक्टेयर जमीन की 25 सितंबर को प्रस्तावित नीलामी स्थगित हो गई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को सभागार में बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि सहारनपुर की अवध फूड्स एंड मल्टी वेयर हाउस प्राइवेट लिमिटेड ने केसर चीनी मिल और उससे संबंधित संपत्तियों की खरीद के लिए 431 करोड़ रुपये का सौदा किया है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव कपूर ने बुधवार को 55 करोड़ रुपये का चेक भी सौंप दिया है। बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान पेराई सत्र शुरू होने से पहले करने का आश्वासन दिया है। भूमि नीलामी से प्रस्तावित खरीद प्रक्रिया में विवाद और कानूनी जटिलता हो सकती है। इससे बकाया भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।
केसर चीनी मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरत मिश्रा ने भी पेराई सत्र 2026-27 शुरू होने से पहले गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान करने का आश्वासन दिया। लिहाजा, नीलामी स्थगित करने का निर्णय हुआ।