बरेली। बहेड़ी और नवाबगंज चीनी मिलों की कुर्क संपत्तियों की नीलामी को लेकर बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें बहेड़ी चीनी मिल की संपत्तियों की नीलामी के लिए राजस्व संहिता नियमावली-2016 के प्रावधानों के तहत दोबारा विज्ञापन प्रकाशित कराने का निर्णय लिया गया। नीलामी की निर्धारित तिथि 17 नवंबर को अधिक से अधिक बोलीदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने एसडीएम बहेड़ी को निर्देश दिए कि नियमावली का पूरी तरह अनुपालन कराते हुए नीलामी की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा बोलीदाता प्रतिभाग कर सकें और संपत्तियों का उचित मूल्य मिल सके। नवाबगंज चीनी मिल की कुर्क संपत्तियों की नीलामी का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी ने बैठक में बताया कि 13 नवंबर को हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव आदि मौजूद रहे। संवाद