बरेली। डोहरा रोड स्थित एक स्पोर्ट्स में जीपी कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग में राइजिंग टाइटंस और टीचर्स क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला हुआ। मैच में राइजिंग टाइटंस ने टीचर्स क्रिकेट क्लब को करारी शिकस्त दी।
राइजिंग टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीचर्स क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 147 रनों का स्कोर ही खड़ा कर सकी। टीम की ओर से अभिषेक ने 33 रनों की पारी खेली, जबकि आशुतोष शर्मा ने 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। राइजिंग टाइटंस के अनुराग ने तीन विकेट झटके। वहीं, लव गंगवार और गोपाल ने भी एक-एक विकेट लेकर उनका साथ निभाया। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग टाइटंस की शुरुआत सधी हुई रही। टीम ने धैर्य के साथ खेलते हुए 19वें ओवर में ही मात्र तीन विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के असली हीरो अतुल डालकोटी रहे, जिन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट खेलते हुए नाबाद 58 रन बनाए। शानदार बल्लेबाजी के लिए अतुल डालकोटी को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। इस दौरान अंपायर मदन लाल और पिंटू चौधरी आदि मौजूद रहे।