शनिवार को तहसील प्रशासन अपने साथ फोर्स और जेसीबी लेकर करीब 12 बजे गांव पहुंचा। फोर्स देखकर ये परिवार भड़क गए। ग्रामीणों ने घरों की छत पर चढ़कर केरोसिन तेल छिड़क लिया और अफसरों को घर उजाड़ने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दे डाली। पुलिस ने केरोसिन छिड़कने वाले ग्रामीणों को पकड़ने का प्रयास किया तो छत पर खड़े ग्रामीणों ने पुलिस बल पर भी केरोसिन उड़ेल दिया। इससे पुलिसकर्मियों में भी अफरातफरी मच गई। धक्का-मुक्की में महिला सिपाही बिंदु जेसीबी पर गिरने से घायल हो गई।
ग्रामीणों का विरोध देखकर प्रशासनिक अफसर भी घबरा गए। वे फोर्स लेकर बिना कब्जा हटाए ही आनन-फानन वापस हो गए। पुलिस ने सात ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया है। सभी 70 परिवारों को तीन दिन में कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई है।
पुर्नवास को जमीन देंगे
ग्राम पंचायत बरसोला कला के बगिया 70 घरों के लोगों को बेदखल होने पर उन्हें पुनर्वास के लिए ग्राम पंचायत की खाली जमीन दी जाएगी। इसके लिए शासन को जानकारी देकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है- धर्मेंद्र पांडेय, तहसीलदार