सोबती की ग्रीन पार्क कॉलोनी में खाली भूखंड को गाटा-32 बताकर कब्जा मांग रहे लोग
बरेली। ग्रीन पार्क कॉलोनी में खाली पड़े भूखंड को गाटा 32 की जमीन बताकर कुछ लोग उसकी बिक्री करने की फिराक में हैं। जबकि, यह जमीन रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के नाम से कैंपस में है। इस जमीन पर कब्जा पाने के लिए तहसील में अर्जियां भी पहुंच गई हैं।
बेनामी संपत्तियों के मालिक चरणपाल सिंह सोबती ने यूनिवर्सिटी के पीछे ग्रीन पार्क कॉलोनी बसा रखी है। इसमें एक भूखंड खाली पड़ा है, जिसे जल देवी, देवीदास, हरिओम आदि अपने परिवार का होना बताकर कब्जा पाने की जद्दोजहद में हैं। इन लोगों ने दावा किया है कि वह भूखंड उनका गाटा नंबर 32 है। बताया जा रहा है कि कब्जे की मांग करने वाले उस जमीन को बेचने की फिराक में हैं। सोबती ने भी काफी सरकारी जमीन कब्जा कर ग्रीन पार्क कॉलोनी विकसित की है।
कब्जे के संबंध में तहसील पहुंच रही अर्जियों पर मौके की जांच के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी अलर्ट हो गए हैं। तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जल देवी, देवीदास, हरिओम आदि ने शिकायत की है कि हरूनगला की गाटा-32 की 2700 वर्गमीटर जमीन पर चरणपाल सिंह सोबती ने कब्जा कर रखा है। इस जमीन को शिकायतकर्ता अपने परिवार की बताकर कब्जा मांग रहे हैं।
अधिग्रहण के बाद सीलिंग की नई फांस
बताया जा रहा है कि रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के लिए वर्ष 1981-82 में गाटा-32 की 5400 मीटर (8.57 बीघे) जमीन अधिग्रहीत हुई थी। इसके बाद इसी गाटे में 0.1297 हेक्टेयर (दो बीघे) जमीन सीलिंग की छूटी है। अधिग्रहण के बाद सीलिंग की जमीन कैसे निकली, यह जांच का विषय है। बताया जा रहा है कि इस बारे में तहसील प्रशासन ने रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय भेजी है। संवाद