फतेहगंज पश्चिमी। थाने से 100 मीटर की दूर दिल्ली हाईवे पर राधाकृष्ण चौराहा कट के पास शुक्रवार को बाइक सवार दंपती से रुपये लूटने की कोशिश की गई। दंपती के मुताबिक, बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारपीट की। इससे महिला के हाथ की हड्डी टूट गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
बरेली के रजा कॉलोनी नवदिया निवासी हनीफ ने थाने में बताया कि वह पत्नी सबली के साथ एक बैंक से ऋण की राशि के 90 हजार रुपये लेकर घर लौट रहे थे। कस्बा से निकलते ही थाने से 100 मीटर दूर शाम 4:30 बजे बदमाशों ने हनीफ की जेब से जबरदस्ती रुपये निकालने की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट की। इसमें हनीफ चोटिल हो गए और सबली के हाथ की हड्डी टूट गई। राहगीरों को ललकारने पर बदमाश भाग गए। हालांकि, धनराशि पत्नी के पास थी, जिससे रुपये बच गए।
सूचना देने के एक घंटे बाद पहुंची पुलिस
दंपती ने बताया कि रुपये लूटने की सूचना देने के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर आई। घटनास्थल का जायजा लिया। तब तक बदमाश भाग चुके थे।
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि बदमाशों ने धनराशि छीनने की कोशिश की थी लेकिन सफल नहीं हुए। पीड़ित ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। देरी से पहुंचने का आरोप निराधार है। जब पीड़ित थाने पहुंचा, पुलिस तुरंत उसके साथ गई थी।