यूपी रोडवेज की बसों में अप्रैल से कैशलेस टिकट की तैयारी की जा रही है। पहले फेज में इन 1800 मशीनों से एटीएम और क्रेडिट कार्ड से टिकट बनाने का ट्रायल होगा। ट्रायल में सफलता मिलने के बाद प्रदेश के सभी डिपो में एटीएम से टिकट बनाने वाली मशीनें भेज दी जाएगी और कैशलेस सिस्टम शुरू हो जाएगा।
रोडवेज की बसों में अब तक रोडवेज की ओर से जारी आईसीआईसी बैंक के कार्ड से कैशलेस टिकट दी जा रहीं हैं। यह कार्ड हरेक यात्री के पास नहीं होेता है, जबकि क्रेडिट और डेबिट कार्ड अधिकांश यात्रियों पर होता है, इसीलिए स्वाप मशीन से टिकट जारी करने का सिस्टम रोडवेज की टिकट मशीनों में लगाया गया है। यह सिस्टम कितना सफल होगा, इसका ट्रायल लखनऊ से शुरू हुआ है। लखनऊ से बरेली होकर दिल्ली, इलाहाबाद, कानपुर, अलीगढ़ और अन्य शहरों की ओर जाने वाली 1800 बसों में कैशलेस टिकट दी जाएंगी। इसके लिए यात्रियों को कुछ छूट का आफर भी हो सकता है। कितनी छूट होगी, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। इस सिस्टम के लिए बेहतर नेट कनेक्टिविटी वाले रूट लिए गए हैं, क्योंकि बिना नेट कनेक्टिविटी के यह सिस्टम सफल नहीं होगा।