बरेली। मेरठ डिपो की रोडवेज बस के परिचालक को जूते से पीटने के आरोपी सहायक टिकट निरीक्षक (एटीआई) महेश पाल के कार चालक सुरंजन सिंह को मंगलवार को प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने निलंबित कर दिया। एटीआई के खिलाफ जांच का आदेश किया गया है। एक अन्य एटीआई भानु प्रताप सिंह के खिलाफ भी कई शिकायतों और उसके वायरल वीडियो की भी जांच का आदेश दिया गया है।
एटीआई महेशपाल चार जून को चंदौसी रूट पर रोडवेज बसों की चेकिंग कर रहे थे। उनकी सरकारी कार यूपी 32 जेटी 6654 पर चालक सुरंजन तैनात था। दोनों ने मेरठ डिपो की एक बस को रोका।
बस में एक बच्ची का हाफ टिकट था। महेशपाल ने इस पर परिचालक के खिलाफ टिकट चोरी के आरोप में कार्रवाई की बात कही। आरोप है कि महेश और सुरंजन ने बस परिचालक से पांच हजार रुपये मांगे। इसी को लेकर दोनों पक्षों में तकरार होने लगी। सुरंजन ने जूता उतारकर परिचालक को पीट दिया।
घटना का किसी यात्री ने वीडियो बनाने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। यह वीडियो वायरल हो गया। शिकायत मुख्यालय तक पहुंची। प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि सुरंजन को निलंबित कर दिया गया है।