बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आठ माह से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण चल रहा है। उम्मीद है कि इस साल एथलीट इस पर दौड़ लगा सकेंगे। इससे एथलेटिक्स प्रतियोगिता कराने व अभ्यास के लिए दो ट्रैक तैयार हो जाएंगे। 60 लाख की लागत से प्रस्तावित अत्याधुनिक जिम्नास्टिक हॉल का काम भी इस साल शुरू होने की उम्मीद है। वेटलिफ्टिंग व बैडमिंटन हॉल के बीच खाली पड़ी जगह पर इसका निमार्ण कराया जाना है।
-हैंडओवर हो सकती है शूटिंग रेंज
कचहरी के निकट पुरानी जेल रोड पर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब सात करोड़ की लागत से तैयार शूटिंग रेंज पर दो साल से ताला पड़ा है। जानकारी के मुताबिक इसे अभी तक राइफल क्लब को नहीं सौंपा गया है, न ही खिलाड़ियों के पंजीकरण शुरू हुए हैं। इसमें 25 व 50 मीटर ऑउटडोर शूटिंग रेंज, 10 मीटर इनडोर रेंज तैयार की गई हैं। नए साल में इसके हस्तांतरण की उम्मीद है।
बॉक्सिंग : हो सकती है कोच की तैनाती
वर्ष 2020 में स्टेडियम में लाई गई पांच लाख रुपये की बॉक्सिंग रिंग खुले में पड़ी बर्बाद हो रही है। इस साल कोच की तैनाती होने के साथ ही रिंग के भी दिन बहुरने की उम्मीद है। संवाद