बदायूं। रक्षाबंधन के त्योहार पर लोगों ने घर में बने पकवान खूब खाए। लोग अपनों के घर गए तो जमकर खातिरदारी हुई। इसका असर अब लोगों के स्वास्थ्य में दिख रहा है। जिला अस्पताल में उल्टी दस्त और बुखार के बृहस्पतिवार को 80 मरीज उपचार को पहुंचे थे। डॉक्टरों का कहना है कि दो दिन से लगातार ऐसे मरीज अस्पताल आ रहे हैं।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन पर लोगों के घरों में तैलीय खाद्य पदार्थ बने थे। लोगों ने इसे जमकर खाया। इसका असर अब देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में उल्टी दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। पिछले दो दिन में ओपीडी में 80 मरीज आ चुके हैं। डॉक्टर ने बताया कि मरीजों की काउंसलिंग के दौरान पता चल रहा है कि कोई अपने ननिहाल गया था तो किसी के घर में छोला, पनीर, पूड़ी और पकौड़ी बनी थी। इसके अलावा मिठाई भी लोगों ने जमकर खाई है। इसका असर भी लोगों ने देखने को मिला है। डॉ. राजेश ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो मरीजों की ज्यादा उल्टी और दस्त आने की वजह से उनमें बहुत कमजोरी आ गई थी।इस वजह से उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया। संवाद