बरेली। बरेली-रामपुर हाईवे के बिल्वा ब्लैक स्पॉट पर हादसे रोकने और यातायात प्रबंधन के लिए फ्लाईओवर बनाने के लिए आकलन किया गया।
अभियंताओं की टीम ने हादसे रोकने के अन्य उपायों पर भी मंथन किया। टीम मंगलवार को मंडलायुक्त के सामने अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। इसके बाद तय होगा कि क्या काम होना है। मडंलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने शनिवार को मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की थी। बैठक में उन्होंने हादसा स्थल बने ब्लैक स्पाॅट का सर्वेक्षण करके ऐसे उपाय करने के आदेश दिए थे जिससे हादसे न होने पाएं।
इसके बाद परिवहन, लोक निर्माण और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम ने सोमवार को संयुक्त तौर पर स्थल निरीक्षण किया। ब्लैक स्पॉट को खत्म करने के लिए क्या-क्या किया जा सकता है। इस पर विचार विमर्श किया। टीम ने बिल्वा के बाद नवदिया झादा, एएनए कॉलेज और राधाकृष्ण मंदिर ब्लैक स्पॉट पर जाकर सड़क की स्थिति देखी।
टीम में एनएचएआई के मक्जिर टेक्निकल टीएस सिद्धू, प्रोजेक्ट मैनेजर एके सिन्हा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगत सिंह, आरटीओ प्रवर्तन दिनेश कुमार सिंह, पीटीओ रमेश प्रजापति और अजीत प्रताप सिंह शामिल रहे। आरटीओ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग ने अपने सुझाव दे दिए हैं।
एनएचएआई अब मार्ग को री-डिजाइन करेगा। अंडर पास, फ्लाई ओवर और सर्विस रोड तथा अन्य उपाय करके हादसे रोकने पर मंथन हुआ है। एनएचएआई के अधिकारी अपने मुख्यालय से बात करके तय करेंगे कि क्या क्या किया जा सकता है। संवाद