बरेली। आयुर्विज्ञान राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) से मंगलवार देर रात 30 अगस्त को प्रस्तावित नीट पीजी 2026 के परीक्षा केंद्र निर्धारण की जानकारी अभ्यर्थियों को मिली। शहर के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र केरल, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब समेत अन्य राज्यों में बनाया गया है। यह देख अभ्यर्थी और परिजन चौंक गए।
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल अग्रवाल के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12 बजे मेसेज से केंद्र की जानकारी मिली। बेटे का केंद्र पंजाब स्थित फगवाड़ा में पड़ा। संपर्क में जिन लोगों के बच्चों ने नीट पीजी के लिए आवेदन किया था, उनसे भी संपर्क किया।
डॉ. मोहन सिंह के बेटे आर्यन सिंह का परीक्षा केंद्र केरल के कोटय्यम में, ध्रुव तंवर का कर्नाटक के हसन, डॉ. तोमर के बच्चे का अरुणाचल प्रदेश के नहरलगुन, किशन गुप्ता का केरल के कोल्लम में पड़ा है। जबकि पोर्टल पर सेंटर अलग-अलग दर्शा रहे थे। इससे तकनीकी खामी का अंदाजा लगाया गया।
बताया कि सुबह एनबीईएमएस से फिर मेसेज मिला कि तकनीकी खामी के चलते केंद्र निर्धारण का गलत मेसेज जारी हुआ है, इसे ठीक कर लिया गया है। जल्द ही सभी के पास सही सेंटर की जानकारी का मेसेज मिलेगा। इसे देखने के बाद अभ्यर्थियों और परिजन ने राहत महसूस की।