बरेली। बरेली जिला फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला फुटबॉल लीग 2026 के चौथे दिन स्टेडियम ट्रेनीज और कैंट स्पोर्टिंग के बीच मुकाबला खेला गया। मुकाबले के शुरुआती दौर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और काफी प्रयासों के बावजूद हाफ टाइम तक मैच गोल रहित रहा।
हाफ टाइम के बाद खेल में रोमांच उस समय बढ़ा जब आशू भारती ने विपक्षी टीम के तीन खिलाड़ियों को चकमा देते हुए गेंद हमजा को पास की, जिस पर हमजा ने किक मारकर पहला गोल दागा। इसके बाद कैंट स्पोर्टिंग की ओर से दीपांशू और दीपक ने बेहतरीन मूव बनाकर गेंद आनंद को सौंपी, लेकिन स्टेडियम के गोलकीपर जय यश ने शानदार बचाव करते हुए विरोधी टीम का गोल करने का प्रयास विफल कर दिया। खेल के अंतिम क्षणों में 52वें मिनट में हमजा ने अपना दूसरा गोल दागकर स्टेडियम ट्रेनीज को 2-0 की अपराजेय बढ़त दिला दी, जो अंत तक कायम रही।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशू भारती को मैच का मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान पास्टर संजय पॉल मुख्य अतिथि तथा पास्टर मनोज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान रेफरी मानवेंद्र, गौरव गुप्ता, धीरज गुप्ता, मो. यासीन, मंजूर, नसीम अख्तर, आदि मौजूद रहे।