सुबह छह बजे शुरू होगी दौड़, उत्तराखंड और अन्य राज्यों के अभ्यर्थी होंगे शामिल
बरेली। जाट रेजिमेंट सेंटर में सोमवार से हेडक्वार्टर कोटा भर्ती रैली का आगाज होगा। पहले दिन उत्तराखंड और अन्य राज्यों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुबह छह बजे दौड़ शुरू होगी। इससे पहले भरतौल स्थित फायरिंग रेंज में अभ्यर्थियों की फिजिकल टेस्ट होगा। शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की दौड़ जाट रेजिमेंट स्थित ग्राउंड में होगी। पूरी भर्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।
सैन्य अफसरों से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह साढ़े चार बजे से भरतौल फायरिंग रेंज पर हाइट, चेस्ट की नाप होगी। डॉक्युमेंट की जांच की जाएगी। जिसमें फिट मिलने पर अभ्यर्थियों को टोकन दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें जेआरसी के ग्राउंड लाया जाएगा। सुबह छह बजे से दौड शुरू होगी। दौड़ में पास अभ्यर्थी के अन्य फिजिकल टेस्ट होंगे। सेना कोटा भर्ती रैली में किसी अभ्यर्थी की दलालों से संपर्क मिलने पर उसे भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। बता दें कि सोमवार को होने वाली भर्ती के बाबत रविवार की दोपहर से ही अभ्यर्थी शहर में पहुंचने लगे थे। जिसके चलते देर शाम काफी तादाद में अभ्यर्थी जेआरसी गेट के बाहर पहुंच गए थे।