बरेली। क्षेत्र पंचायतों के खातों में पांचवें व 15वें वित्त आयोग के 26.34 करोड़ रुपये डंप हैं। विकास के बजाय वे ब्याज बटोर रहीं हैं। दूसरी ओर, क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं। कच्चे रास्तों में भी गड्ढे हैं। नाले-नालियां तक दुरुस्त नहीं हैं। क्षेत्र पंचायत के अधीन परिसंपत्तियां भी खस्ताहाल हैं।
बताया जा रहा है कि वर्तमान में क्षेत्र पंचायतों के खाते में पांचवें वित्त आयोग से प्राप्त 8.46 करोड़ और 15वें वित्त आयोग से मिले 17.87 करोड़ रुपये मौजूद हैं। एक अप्रैल को क्षेत्र पंचायतों के खाते में 15वें वित्त आयोग का ओपनिंग बैलेंस 26.42 करोड़ रुपये था। इस वित्त वर्ष में 48.85 लाख और मिले। इसमें 9.03 करोड़ खर्च हुए हैं। इसी तरह पांचवें वित्त आयोग के 20.12 करोड़ में से 11.66 करोड़ व्यय हुए हैं। क्षेत्र पंचायतों के खातों में अब भी 26.34 करोड़ रुपये डंप हैं।
ठप पड़े हैं विकास कार्य
क्षेत्र पंचायतों की परिसंपत्तियों को दुरुस्त रखने, एक गांव को दूसरे से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग बनाने या उनकी मरम्मत के लिए पांचवें एवं 15वें वित्त आयोग से खूब रकम मिल रही है। क्षेत्र पंचायतें ग्राम पंचायत में भी कार्य कराने में सक्षम हैं। इसके बावजूद विकास कार्य ठप पड़े हैं। क्षेत्र पंचायतें 10 लाख रुपये तक के कार्य करा सकती हैं। इससे अधिक लागत के कार्य कराने के लिए डीएम से स्वीकृति लेनी होती है।
एक-दूसरे पर टाल रहे अधिकारी
डीडीओ दिनेश यादव का कहना है कि क्षेत्र पंचायत में 15वें व 5वें वित्त की धनराशि के संबंध में डीपीआरओ बताएंगे। ये योजनाएं उन्हीं के विभाग की हैं। जबकि, डीपीआरओ कमल किशोर ने कहा कि ब्लॉकों के नोडल डीडीओ हैं। वहीं बताएंगे कि धनराशि खर्च क्यों नहीं हो पा रही है। संवाद
ब्लॉकवार मौजूद धनराशि
ब्लॉक 15वां वित्त 5वां वित्त
भोजीपुरा 3.87 0.71
बिथरी चैनपुर 2.42 0.78
फरीदपुर 1.93 1.03
बहेड़ी 1.02 1.15
फतेहगंज प. 1.95 0.45
नवाबगंज 1.45 0.93
क्यारा 1.56 0.88
मीरगंज 1.09 0.64
आलमपुर 1.04 0.23
रामनगर 0.10 0.03
मझगवां 0.38 0.08
शेरगढ़ 0.46 0.08
भदपुरा 0.19 0.10
दमखोदा 0.14 0.61
भुता 0.27 0.02