गोष्ठी में सीएचसी प्रभारी डॉ. अंजना सिंह ने कहा कि नारी जब स्वस्थ्य होगी तभी वह अपराजिता बन सकेगी। उन्होंने कहा कि छात्राएं अगर कमजोरी महसूस करें तो तत्काल हीमोग्लोबिन की जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह पर उपचार लें।
नगर के कृष्णा महाविद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित और दीप प्रज्वलन कर किया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अंजना सिंह ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान छात्राओं ने डॉक्टर से किशोर अवस्था में होने वाले परिवर्तनों के बारे जानकारी ली।
बीए तृतीय वर्ष की छात्रा पूजा कनौजिया ने संक्रमण से होने वाले नुकसान और अर्चना देवी ने वायरल फीवर, एनीमिया आदि के बारे में सवाल किया और डॉक्टर ने उसका जवाब व उपचार भी बतलाया। डॉ. अंजना सिंह ने कहा जब हमारा शरीर स्वस्थ रहेगा तभी हम कोई कार्य सही ढंग से कर सकेंगे। उन्होंने खानपान, शरीर संबंधी तमाम जानकारी देते हुए छात्राओं की समस्या का समाधान किया और अमर उजाला की इस मुहिम की खासी प्रशंसा की।
सीएचसी मोहम्मदी में कार्यरत अर्श काउंसलर रूबीना जैदी ने शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य संबंधी तमाम जानकारियां दी और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वच्छता, पोषण, एनीमिया, संक्रमण और आयरन गोलियों के सेवन संबन्धी तमाम जानकारियां दी। कॉलेज प्राचार्य डॉ. केके दीक्षित ने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के तमाम टिप्स दिए। इस मौके पर प्रबंधक उषा दीक्षित, अर्चना गुप्ता, विवेक दीक्षित, विनोद दिवाकर, सिमरन जीत कौर के अलावा सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।