लखीमपुर खीरी। पहले हैदराबाद और फिर उन्नाव की घटना को लेकर छात्राओं और महिलाओं में आक्रोश है। अपराजिता -100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत शुक्रवार को छात्राओं, महिलाओं सहित समाज के प्रमुख लोगों ने एक सुर से मांग की कि सरकार हैवानों को कानून के माध्यम से ऑन स्पॉट सजा दिलाए। उन्होंने कहा कि यहां भी हैवानों से हैदराबाद जैसा ही सलूक हो। उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता को जिंदा जला देने की घटना पर महिलाओं ने कहा कि पहले निर्भया फिर हैदराबाद और अब उन्नाव, आखिर कब तक बेटियां हैवानियत का शिकार होती रहेंगी।
महिला पशु चिकित्सक के हत्यारों को जो सजा मिली है। उससे अपराधियों को सबक मिलेगा। लेकिन उन्नाव की घटना के आरोपियों को भी कड़ी सजा दी जाए।
-आशा वर्मा
हैदराबाद में जो हुआ उससे महिला अपराधों पर अंकुश लगेगा। उन्नाव की घटना को अंजाम देने वालों को भी यही सजा मिलनी चाहिए।
-आकांक्षा यादव
महिला सुरक्षा के लिए सरकार को कठोर कदम उठाने चाहिए। जब बेटियां सुरक्षित रहेंगी तभी वह पढ़ लिख कर और आगे बढ़ सकेंगी।
-राधा चौधरी
बेटियां तभी आगे बढ़ेंगी, जब वह घर से निकल सकेंगी। इसके लिए सरकार को सुरक्षा का माहौल बनाना होगा।
-शिवांगी वर्मा
हैदराबाद और फिर उन्नाव की वारदात। इस तरह बेटियों पर कब तक अत्याचार होते रहेंगे। सरकार को कठोर कानून बनाकर ऑन स्पॉट सजा दिलानी चाहिए।
-प्रिया शुक्ला
बेटियों को पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए तो सरकार प्रयासरत है। मगर, उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित नहीं है। ऐसे में इस नारे का कोई औचित्य नहीं।
-शिवानी वर्मा
हैदराबाद पुलिस का साहसिक कार्य है। अपराधियों से कठोरता से निपटना चाहिए परंतु कार्रवाई के पहले ये सुनिश्चित होना चाहिए कि कोई निर्दोष प्रभावित न हो। सरकार अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने में विफल है।
-अजय कुमार शुक्ला
पूर्व अध्यक्ष बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश एवं सदस्य
पुलिस एनकाउंटर बलात्कारियों के लिए सबक
हैदराबाद पुलिस एनकाउंटर बलात्कारियों के लिए एक सबक है। उन्नाव कांड के आरोपियों के खिलाफ भी पुलिस ऐसी कार्रवाई करे।
-निधि सराफ, अध्यक्ष मातृ शक्ति फाउंडेशन
हैदराबाद में घटित जघन्य घटना सभ्य समाज पर एक कलंक है। केंद्र सरकार द्वारा रेप जैसे जघन्य अपराध के लिए फांसी की सजा का प्रावधान सराहनीय है।
-मीनाक्षी अग्रवाल
पालिका अध्यक्ष गोला
हैदराबाद पुलिस ने दरिंदों के साथ जो किया है वही सही सजा है। महिलाओं के लिए भयमुक्त समाज देने के लिए पुलिस को ऐसे ही कदम उठाने चाहिए।
-जया अग्निहोत्री, प्रबंधक
जेके कन्या डिग्री कॉलेज, गोला
हैदराबाद पुलिस की हिम्मत काबिले तारीफ है, ऐसे ही एक, दो एनकाउंटर अपराध सिद्ध होने पर पुलिस द्वारा और किए जाने चाहिए।
-रजनी राठी, प्रदेश अध्यक्ष माहेश्वरी महिला संगठन
बेटियों के साथ हैवानियत करने वालों का हैदराबाद के अपराधियों की तरह ही अंत होना चाहिए। सरकार को ऐसी घटनाओं में दोषियों के लिए और सख्त कानून बनाना चाहिए।
-खदीजा जमाल, एडवोकेट
पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से ही रेप जैसी घटनाएं करने वाले अपराधियों में खौफ पैदा होगा। दोषियों को ऑन स्पॉट सजा मिले ऐसा कानून बनना चाहिए।
-मधु त्रिपाठी, प्रधानाचार्य
रेप जैसी कलंकित घटनाओं का हैदराबाद जैसा अंजाम होना चाहिए। उन्नाव पीड़ित के अरोपियों के साथ भी पुलिस को यही करना चाहिए। एनकाउंटर से पीड़ित परिवारों का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।
-सानिया जमाल, गोला
महिला पशु चिकित्सक के अपराधियों का एनकाउंटर पुलिस का साहसिक कदम है। उन्नाव में युवती को जिंदा जलाने वालों को भी ऐसी ही सजा मिलनी चाहिए।
-सुुनील सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा
हैदराबाद पुलिस ने ऐतिहासिक कार्य किया है। इसी तरह प्रदेश की पुलिस को भी कार्य करना चाहिए, जिससे उन्नाव जैसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।
-रामकुमार चौधरी, जिलाध्यक्ष, बसपा
हैदराबाद की पीड़िता को जल्दी न्याय मिल गया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऐसा सख्त कानून बनना चाहिए। उन्नाव पीड़िता के दोषियों को भी कठोर सजा मिलनी चाहिए।
-मोहम्मद कयूम, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी
दोषियों का एनकाउंटर करना ठीक रहा। इससे अपराधियों में कानून का खौफ होगा। सरकार को महिलाओं की सुरक्षा को लेकर और सख्त कानून बनना चाहिए।
-संजय गोस्वामी, अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी, लखीमपुर