कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई स्मार्ट सिटी के निदेशक मंडल की बैठक
बरेली। स्मार्ट सिटी के निदेशक मंडल की बैठक में सुभाषनगर पुलिया पर 57 करोड़ की लागत से ओवरब्रिज और पटेल चौक पर दस करोड़ से बनने वाले एलिवेटेड स्काई वॉक को मंजूरी दे दी गई। कमिश्नर आर. रमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कोतवाली, नगर निगम और मेथोडिस्ट चर्चा पर फसाड लाइट लगाने पर भी सहमति बनी।
मेयर उमेश गौतम ने बताया कि बैठक में सुभाषनगर पुलिया पर ओवरब्रिज की डीपीआर बनाने के लिए रेलवे को 83 लाख रुपये देने पर भी सहमति बन गई है। सेतु निगम अपने हिस्से की डीपीआर बना चुका है। संभव है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह या अगस्त में वहां काम शुरू हो जाए। इसके अलावा पटेल चौक पर दस करोड़ की लागत से एलिवेटेड स्काई वॉक बनाने को भी मंजूरी दी गई। यहां करीब तीन मीटर ऊंचा रूट बनाया जाएगा। इसके अलावा पांच करोड़ की लागत से मेथोडिस्ट चर्च, नगर निगम और कोतवाली की इमारतों पर फसाड लाइट लगाने पर भी निदेशक मंडल ने सहमति दी। इनके लगने से शाम को ये इमारतें बहुत खूबसूरत नजर आएंगी। इसकी टेंडर प्रक्रिया भी जल्दी ही शुरू होगी।
गांधी उद्यान में बनेगी कांच की भूल भुलैया
बैठक में गांधी उद्यान में साढ़े तीन करोड़ की लागत से कांच की भूल भुलैया बनाने पर भी सहमति बनी। मेयर ने बताया कि हैदराबाद के बाद इस तरह की ये देश में दूसरी भूल भुलैया होगी। अक्षर विहार तालाब में आठ करोड़ की लागत से करीब 22 फुट ऊंचा साउंड एंड लेजर शो बनाया जाएगा। यूपी में यह सबसे ऊंचा लेजर शो होगा।
श्यामगंज बाजार का सुधरेगा हाल
बदहाली से जूझ रहे श्यामगंज बाजार के कायाकल्प पर भी सहमति बनी। यहां ढाई करोड़ रुपये की लागत से सड़क के दोनों ओर नाली, सीसी फुटपाथ और पुल पर वाल पेंटिंग करने के साथ ही सौंदर्यीकरण के लिए फसाड लाइट लगाई जाएंगी।
हर निर्माण साइट पर लगाएं बोर्ड
बैठक में कमिश्नर आर. रमेश कुमार ने कहा कि जहां भी स्मार्ट सिटी के कार्य चल रहे हैं, वहां पर एक बोर्ड लगाकर उसका पूरा विवरण लिखा जाए। इस पर काम शुरू होने, पूरा होने और ठेकेदार आदि की पूरी जानकारी दर्ज हो ताकि लोगों को पता रहे कि उनके क्षेत्र में स्मार्ट सिटी का काम हो रहा है। डीएम नितीश कुमार ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता का हर स्तर पर निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया जाएगा। गुणवत्ता में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।