बहेड़ी। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को आवेदन के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न मिलने का मुद्दा उठा। पार्षदों ने शिकायतीपत्र देकर पात्रों को जल्द योजना का लाभ दिलाने की मांग की। पालिका प्रशासन पर विकास कार्यों में पक्षपात करने का आरोप लगाया। यहां कुल 32 शिकायतें आईं, इनमें से 10 का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
सभासद सलीम चंदा, ताहिर पप्पू, मोहम्मद जाकिर ने बताया कि सरकारी अस्पताल के लिए जाने वाले मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। एक वर्ष पूर्व इस मार्ग को बनाने की अपील की थी लेकिन अभी तक उन्होंने सुध नहीं ली। पूर्व सभासद इरशाद अहमद ने मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट कराने का मुद्दा उठाया।
कहा कि हाईटेंशन लाइन की वजह से शिकोही नगर, सकलैन नगर, मदार नगर के लोगों को खतरा है। यह लाइन तत्काल शिफ्ट होना जरूरी है। संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम प्रशासन दिनेश कुमार, एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव, एसपी देहात मुकेश मिश्रा, सीओ अरुण कुमार सिंह मौजूद रहे।
63 शिकायतें आईं, पांच का मौके पर निस्तारण
फरीदपुर। तहसील सभागार में एसडीएम गुलाब चंद्र अग्रहरि की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 63 शिकायतें आईं। इनमें से पांच का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। एसडीएम ने शिकायतों की मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। तहसीलदार सुरभि राय, बीडीओ भुता निधि, नायब तहसीलदार अभिषेक तिवारी आदि मौजूद रहे। संवाद
कस्तूरबा विद्यालय में लगवाएं सीसीटीवी, बनवाएं चहारदीवारी
नवाबगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में ग्रामीणों ने क्योलड़िया में नवनिर्मित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने के साथ ही चहारदीवारी बनवाने की मांग की है। कहा कि विद्यालय में कक्षा छह से 12 तक की 143 छात्राएं पंजीकृत हैं। चहारदीवारी व कैमरे न होने की वजह से खतरा बना रहता है। एसडीएम ने जल्द ही आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिया। यहां आईं 52 शिकायतों में से आठ का ही मौके पर निस्तारण हो सका। एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय, सीओ हर्ष मोदी, खंड विकास अधिकारी महेश चंद्र शाक्य, तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
-
राजस्व विभाग की शिकायतें सबसे ज्यादा
मीरगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को सीडीओ को आना था। किसी कारण से वह नहीं आ पाए। इसके बाद एसडीएम, सीओ व तहसीलदार ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 26 शिकायते आईं। इनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण किया गया। सबसे अधिक राजस्व की 12, पुलिस की सात, पूर्ति विभाग की दो, विकास, विद्युत व एक-एक व तीन शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित रहीं। संवाद