बरेली। बारादरी थाने के हिस्ट्रीशीटर कन्हैया गुलाटी के करीबी गुर्गों पर ठगी का एक और मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी के आदेश पर हुई है। शहरवासियों से करोड़ों रुपये की ठगी कर गुलाटी पहले ही फरार हो चुका है।
शाहजहांपुर के शमशाद अली ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि रिजवान अली और प्रदीप सिंह ने खुद को केएम एसोसिएट्स का एजेंट बताया।
दोनों ने 225000 रुपये जमा करने पर पांच फीसदी मासिक ब्याज का वादा किया। मूल रकम बीस माह बाद वापस मिलने की बात कही गई थी। शमशाद ने 20 मार्च 2025 को जगतपाल मौर्य के खाते में रकम भेजी। उन्हें दो महीने तक 12500 रुपये मिले, फिर भुगतान बंद हो गया। शमशाद अली ने रकम मांगने पर एजेंटों और जगतपाल मौर्य से संपर्क किया।
11 जनवरी 2026 को जगतपाल के घर जाने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। राहगीरों के इकट्ठा होने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। बारादरी थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है, विवेचना के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी। बताया जा रहा है कि जगतपाल मौर्य कैनविज कंपनी में काम करता था और कन्हैया गुलाटी का खास गुर्गा है। कैनविज धोखाधड़ी मामले में भी उसके खिलाफ कई रिपोर्ट सह आरोपी के तौर पर दर्ज हुईं पर खास कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस ने उसके खिलाफ नए मामले में छानबीन शुरू कर दी है।