सीबीगंज। खुसरो डिग्री कॉलेज में बिना मान्यता के विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित करने और फर्जी दस्तावेज के सहारे संपत्ति अर्जित करने के मामले में खुसरो ग्रुप के मालिक गैंगस्टर शेर अली जाफरी व उसके चार साथियों के खिलाफ सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीबीगंज की शिवनगर कॉलोनी निवासी योगेश गुप्ता की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।
योगेश ने एसएसपी अनुराग आर्य को पत्र देकर आरोप लगाया है कि खुसरो कॉलेज में डी फार्मा और बीएड समेत कई पाठ्यक्रमों में बिना मान्यता के प्रवेश दिए जा रहे हैं। विद्यार्थियों से मोटी फीस वसूलकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कॉलेज के माध्यम से बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की जा रही हैं।
शेर अली जाफरी पर अलग-अलग नाम और नंबरों से फर्जी पैन कार्ड और आधार कार्ड तैयार कराने का आरोप है। इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल बैंक खातों के संचालन और संपत्ति की खरीद-फरोख्त में किया गया है। इन फर्जी तरीकों से काफी संपत्ति अर्जित की गई है और अधिकारियों को भी लगातार गुमराह किया जा रहा था। शिकायत में कॉलेज की मान्यता और शिक्षकों की नियुक्ति की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
ये हैं नामजद आरोपी
पुलिस ने इस मामले में शेर अली जाफरी को मुख्य आरोपी बनाया है। उसके बेटे फिरोज अली, उजमा, कामिल हसन और खुसरो इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार गुप्ता को नामजद किया गया है।
शेर अली जाफरी समेत सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान आरोप पुष्ट हुए तो उसी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। - अनुराग आर्य, एसएसपी