फरीदपुर। बेटे के निकाह की तैयारियों के बीच सराफा बाजार में खरीदारी करने आई महिला के बैग पर अज्ञात चोर ने ब्लेड चला दिया और करीब 50 हजार रुपये के आभूषण लेकर भाग गया। मामले में पीड़िता ने फरीदपुर थाने पहुंचकर मामले में तहरीर दी है।
विज्ञापन
मेवा सरफापुर गांव निवासी सहरा बानो ने तहरीर में बताया कि बेटे इमरान की मंगनी हो चुकी है और निकाह की तारीख तय होनी है। निकाह की तैयारियों के तहत वह रविवार दोपहर बाद दुल्हन के लिए आभूषण खरीदने फरीदपुर के सराफा बाजार पहुंची थीं। उन्होंने दुकान से करीब 50 हजार रुपये के आभूषण खरीदे और उन्हें बैग में रखकर पैदल ही बाजार से निकल रही थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ के बीच किसी व्यक्ति ने उनके बैग को ब्लेड से काट दिया और भीतर रखे आभूषण निकालकर मौके से खिसक गया। कुछ दूर चलने पर जब सहरा बानो को बैग हल्का महसूस हुआ, तो उन्होंने देखा कि बैग कटा हुआ है और आभूषण गायब हैं। इसके बाद वह फरीदपुर थाने पहुंचीं और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।