फरीदपुर। प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की हत्या के मामले में मंगलवार को पुलिस ने एक और आरोपी सोमेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव पटनिया निवासी 27 वर्षीय आदेश सिंह का शव 23 अक्तूबर को फरीदपुर थाने के गांव मनपुरा में पेड़ से लटका मिला। आदेश के पिता ने पड़ोसी गांव कपूरपुर के लोगों पर बेटे की पीटकर हत्या करने और फिर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी कपूरपुर गांव निवासी सामेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ओमवीर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कपूरपुर गांव निवासी सामेंद्र सिंह, शीलेंद्र सिंह, तिलकराम, सत्यवीर, गिरीश, परमवीर व अज्ञात ने उनके बेटे को अपने गांव कपूरपुर में बुलाया था। उनका पुत्र उसी दिन हरियाणा से कपूरपुर पहुंचा। रंजिश प्रेम-प्रसंग को लेकर झगड़ा हुआ। आरोप है कि तभी उक्त लोगों ने बेटे को पीटकर मार डाला।
इस मामले में पुलिस चार आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। संवाद