बरेली जिले के 75 गांवों में अन्नपूर्णा स्टोर बनाए जाएंगे। इस तरह से अन्नपूर्णा स्टोर की संख्या बढ़कर 90 हो जाएगी। बरेली का अन्नपूर्णा स्टोर मॉडल यूपी भर में अपनाया गया है। पहला अन्नपूर्णा स्टोर भरतौल गांव में खोला गया है।
विज्ञापन
प्रदेश में इसका विस्तार करने के लिए मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने वीडियो कांफ्रेंसिंग की है। कमिश्नर और सीडीओ बैठक में जुड़े और इसके बाद जिले में नए अन्नपूर्णा स्टोर बनाए जाने की कवायद शुरू हुई है। अन्नपूर्णा स्टोर के निर्माण के लिए अब स्थलों का चयन हो रहा है।
आठ लाख रुपये की लागत से गांव भरतौल की तर्ज पर मनरेगा से भवन निर्माण कराया जाएगा। ग्राम पंचायतें इनका संचालन अपने हाथ में लेंगी। राशन के साथ जरूरी सामान और सुविधाएं अन्नपूर्णा स्टोर से दिए जाने की पहल मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने की है।
भरतौल में पहली दुकान का संचालन शुरू हो चुका है। पहले चरण में 15 स्टोर खोले जा रहे हैं। दूसरे चरण में 75 के लिए स्थान चयन अगस्त में ही हो जाएगा। डीपीआरओ ने सहायक विकास अधिकारियों को स्थल चयन करने के आदेश दिए हैं।