जगतपुर नाला चोक होने से पुराने शहर की गलियों में जलभराव हो गया। इससे आक्रोशित स्थानीय बाशिंदों ने पुलिस चौकी के सामने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सूचना पर नगर निगम की टीम ने कुछ देर बाद मौके पर पहुंचकर नाले की सफाई कराई। पानी निकासी होने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हो पाया।
जगतपुर में काफी समय से नाला चोक है। पानी निकासी न होने से शनिवार को एजाज नगर गौंटिया की चार गलियों में जलभराव हो गया। गुलाम वारिस वाली गली, पुलिस चौकी के सामने, पुलिस चौकी के पीछे और बुशरा स्कूल के सामने गली में जलभराव होने से स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया। इलाके के तमाम लोगों ने इकट्ठे होकर जलभराव के विरोध में पुलिस चौकी के सामने जाम लगाकर नारेबाजी और हंगामा कर जल निकासी की मांग की। पार्षद मेराज अंसारी ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को फोन से सूचना दी। काफी देर तक हंगामा और नारेबाजी के बाद नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अशोक कुमार, एक्सईएन सतीश कुमार, एई जलकल आरबी राजपूत आदि मौके पर पहुंचे। सफाई कर्मचारियों ने नाले से कूड़ा हटाकर पानी निकासी कराई। इससे गलियों में पानी कम हो गया। अफसरों ने समस्या के स्थाई समाधान के लिए नाला सफाई कराने की बात भी कही। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। प्रदर्शनकारियों में साबिर, जाकिर, राशिद, अशरफ, शकील, बब्बू भाई, ताहिर भाई, पप्पू, शाकिर समेत तमाम लोग शामिल थे।
‘नाला चोक हो गया था। इससे पानी की निकासी नहीं हो रही थी। अब नाला साफ कराकर उसे खुलवा दिया गया है। पूरा नाला साफ कराकर समस्या का स्थाई समाधान कराया जाएगा।’ डा. अशोक कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी
दो दिन पहले पार्षद रुपेंद्र पटेल के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने नगर निगम में प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया था।