गुलड़िया। विकासखंड मझगवां क्षेत्र के ग्राम शिखा में मंगलवार को प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक और सहायक शिक्षक बिना सूचना के स्कूल से गायब रहे। स्कूल में तैनात शिक्षामित्र ने नौ बजे स्कूल खोला और 12 बजे स्कूल की छुट्टी कर चले गए। इसी तरह आए दिन मनमानी से बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। इसको लेकर नाराज अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी से शिकायत की है।
शिखा गांव रामगंगा के खादर इलाके में बसा हुआ है। इसलिए यहां अधिकारी भी कम ही पहुंचते हैं। इसके चलते अध्यापक मनमानी करते हैं। यहां शिक्षामित्र समेत तीन अध्यापक तैनात हैं। बताते हैं कि प्रधानाध्यापक और सहायक शिक्षिका मंगलवार को बिना सूचना के स्कूल नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को शिक्षामित्र ने केवल तीन घंटे के लिए स्कूल खोला। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में मनमानी आए दिन होती रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में तीन-तीन शिक्षक होने के बावजूद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शिकायत के बाद दोपहर दो बजे शिक्षामित्र पुनः स्कूल पहुंचे और कुछ रजिस्टरों में लिखा-पढ़ी कर चले गए। संवाद
-
ग्रामीणों के माध्यम से मामला मेरे संज्ञान में आया है। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।
-सुशील कुमार शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, मझगवां
-
मैं एसडीएम कार्यालय में चुनाव कार्य के लिए संबद्ध हूं। शिक्षामित्र ने स्कूल खोला था। वह स्कूल बंद कर कुछ देर के लिए किसी गांव में चले गए थे। शिक्षिका के बारे में पता करता हूं।
-मो.अरसी, प्रधानाध्यापक, प्राथमिक पाठशाला, शिखा