रामपुर से लौट रहे तीन दोस्तों ने दिखाई हिम्मत, दूर खड़े वीडियो बना रहे थे लोग
विज्ञापन
ड्राइविंग सीट पर बेहोश हो चुका था दिल्ली का युवक
बरेली। बुधवार रात नेशनल हाईवे पर आग लगने के बाद कार में फंसे दिल्ली के युवक के लिए रामपुर से बरेली लौट रहे तीन दोस्त फरिश्ते साबित हुए। ड्राइविंग सीट पर बेहोश पड़े युवक को उन्होंने हिम्मत दिखाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि इसी दौरान कई लोग मदद करने के बजाय जलती कार की वीडियो बनाते रहे।
सीबीगंज मेें बड़ा बाईपास पर परधोली के पास डीसीएम और कार में टक्कर के बाद आग लग गई। कुछ ही पलों में कार से इतनी भीषण लपटें उठने लगीं कि कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। इसी दौरान रामपुर से लौट रहे लकी शाह और उनके दोस्त शाहनूर और नवाब यह नजारा देखकर रुक गए। कार में ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति फंसा था और आसपास खड़े लोग वीडियो बनाने में लगे थे। लकी शाह और उनके दोस्तों ने अपनी गाड़ी से पाना निकालकर जलती कार का शीशा तोड़ा। ड्राइविंग सीट पर फंसा युवक बेहोश हो चुका था। जोखिम उठाकर उसे जैैसे-तैसे बाहर निकाला और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद युवक ने अपना नाम दिल्ली के जाफराबाद निवासी वकील खान बताया।