उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर में विभागीय उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने तहसील परिसर में पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह करने का प्रयास किया। जानकारी लगते ही कोर्ट में मौजूद नायब तहसीलदार ने आग लगाने से पहले की माचिस छीन ली।
घटना की जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को दी गई है। बीसलपुर कस्बे के मोहल्ला बख्तावर लाल निवासी माया देवी आंगनबाड़ी वर्कर है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे वह तहसील परिसर पहुंचीं। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वहां पहुंचते ही माया देवी ने बोतल में भरा पेट्रोल अपने कपड़ों पर उड़ेल लिया। यह देख वहां आसपास खड़े लोगों ने शोर मचा दिया। इसकी जानकारी लगने पर कार्यालय में मौजूद नायब तहसीलदार एपी राय दौड़कर मौके पर पहुंचे।
आंगनबाड़ी वर्कर अपने कपड़ों में आग लगा पाती इससे पहले नायब तहसीलदार ने उसके हाथ से माचिस छीन ली। उसे समझाकर अपने कार्यालय में ले गए। इसकी सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कमल सिंहं मौके पर जा पहुंचे। नायब तहसीलदार के पूछने पर माया देवी से आत्मदाह करने की वजह विभागीय उत्पीड़न बताया।