बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने दीक्षांत समारोह के लिए अस्थायी मेरिट सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 82 विद्यार्थियों के नाम शामिल किए गए हैं। बेटियों ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया है। 82 मेधावियों में से 68 छात्राएं हैं। टापर्स की इस सूची में विवि कैंपस के 16 विद्यार्थी भी शामिल हैं। इनमें 11 छात्राएं हैं।
हालांकि, यह अभी अंतिम सूची नहीं है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, इस अस्थायी मेरिट सूची को लेकर सोमवार दोपहर 12 बजे तक ई-मेल के माध्यम से आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद विश्वविद्यालय की ओर से अंतिम और आधिकारिक सूची जारी की जाएगी।
सूची के अनुसार, रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर के कुल 16 विद्यार्थियों को इसमें स्थान मिला है। ऐतिहासिक बरेली कॉलेज से मात्र एक ही विद्यार्थी का चयन हो सका है। इन दोनों ही संस्थानों के आंकड़ों में छात्राओं का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
समूची सूची में कुल 68 छात्राओं ने अपनी जगह बनाई है, जिससे स्पष्ट है कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छात्राएं लगातार छात्रों को पीछे छोड़ रही हैं। अगर बात रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर की करें, तो यहां के चयनित 16 विद्यार्थियों में से 11 छात्राएं और केवल पांच छात्र शामिल हैं।
विश्वविद्यालय की जिन मेधावी छात्राओं का नाम सूची में आया है, उनमें एलएलएम ह्यूमन राइट्स से अंशराह, बीएमएस से सुचिता शर्मा, एमबीए सामान्य से खुशी शर्मा, एमबीए मार्केटिंग से आलामीन नक्वी, एमएससी एनिमल साइंस से पूर्वी सिंह, एमएससी प्लांट साइंस से पवित्रा अवस्थी शामिल हैं। एमएससी केमिस्ट्री से अमृता पटेल, एमएससी फिजिक्स से सभ्या शर्मा, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी से मरियम जमीर, एमएससी मैथमेटिक्स से अनामिका और एलएलएम से दीपांशी श्रीवास्तव ने इस सूची में जगह बनाई है।
विश्वविद्यालय के पांच चयनित छात्रों में बीएसएमसीटी से मुकुंद शर्मा, एलएलएम साइबर लॉ से शिखर मिश्रा, एमए अर्थशास्त्र से अभिषेक यादव, एमए एग्जीक्यूटिव से नवीन पुरी और एमए से अभय प्रताप का नाम शामिल है। बरेली कॉलेज से एमएससी की छात्रा मोहिनी शर्मा एकमात्र विद्यार्थी हैं, जिन्होंने मेधावियों की सूची में स्थान प्राप्त किया है।विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अंतिम सूची में किन-किन विद्यार्थियों ने जगह बनाई है।