आइसोलेशन कोच में मरीजों के भर्ती होने तक सील रहेगा प्लेटफार्म छह
बरेली। अब कोरोना संक्रमित मरीजों की एंबुलेंस सीधे जंक्शन के प्लेटफार्म छह तक पहुंच सकेगी। जंक्शन की सेकेंड एंट्री की ओर नया रास्ता बनकर तैयार हो चुका है। सीसीटीवी कैमरे लगने का काम पूरा होने के बाद कोरोना संक्रमित मरीज आईसोलेशन कोच में भर्ती किए जा सकेंगे। आइसोलेशन कोच में मरीजों के भर्ती होने तक प्लेटफार्म छह सील रहेगा।
रेलवे ने 11 आईसोलेशन कोच जंक्शन के प्लेटफार्म छह पर खड़े किए हैं। अब तक प्लेटफार्म छह तक एंबुलेंस के पहुंचने में दिक्कत थी। रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने दो खंडहर पड़े क्वार्टर को तोड़कर रास्ता बना दिया। अब एंबुलेंस सीधे हर कोच तक पहुंच सकेगी। फिलहाल अभी सीसीटीवी लगने का काम बाकी है। रेलवे के इलेक्ट्रिक अनुभाग ने हर कोच की लाइट और पंखे भी चेक करके ओके कर दिया है।