अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से स्वस्थ्य शरीर सुरक्षित जीवन के तहत लखीमपुर खीरी जिले के तराई क्षेत्र स्थित ग्राम मूड़ा बुजुर्ग में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में पहुंचे 593 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाईयां दी गईं।
डॉक्टरों की टीम ने पाया कि तराई के इस इलाके में लोगों को पीने का पानी शुद्ध नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनमें त्वचा व गठिया रोग की शिकायत बढ़ रही है। उच्च प्राथमिक विद्यालय, मूड़ा बुजुर्ग परिसर में लगे शिविर में सुबह नौ बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था।
तत्काल मरीजों का परीक्षण शुरू कर दिया गया। जिला मुख्यालय से करीब 48 किलोमीटर दूर शारदा नदी के बंधा पर उबड़ खाबड़ रास्तों से होते हुए डॉक्टरों की टीम नदी किनारे तराई में बसे गांव मूड़ा बुजुर्ग पहुंची, जहां एसडीएम निघासन केशवराम गुप्ता ने शिविर का उद्घाटन किया।
पश्चात जिला अस्पताल और सीएचसी के डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाइयां दीं। नोयडा से आई मोबाइल वैन
के द्वारा रक्त परीक्षण कर रिपोर्ट भी मौके पर मुहैया कराई गई। इनमें 382 महिलाएं शामिल रहीं।
शिविर में मूड़ा बुजुर्ग, महाराजनगर, बबुरी, छोटानीपुरवा, हरसिंहपुर, बिनौरा, शंकरगौढ़ी, सरपतहा, नन्तोआ, मुन्नापुरवा, हरसरनपुरवा, तारानगर, पांडेपुरवा, रानीगंज, सिसाइनपुरवा, पचपेड़ी, घमइया चाट, निशातनगर, प्रतागढ़, सुतिया सहित करीब तीस गांवों के मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया।
गठिया और त्वचा संबंधी रोग के मिले अधिक मरीज
शिविर में गठिया और त्वचा संबंधी रोग के अधिक मरीज मिले। इनमें शरीर पर दाने होना, खुजली और दाद आदि रोग प्रमुख रहे। इसके अलाव पेट दर्द, बुखार
और पेट संबंधी अन्य रोग से ग्रसित मरीज मिले।
साथ ही दंत और नेत्र रोगी भी काफी तादाद में मिले। डॉक्टरों ने बताया कि मरीजों में यह बीमारियां बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने और शुद्घ पानी न मिलने की वजह से हो रही हैं।
डीएम ने कहा कि जल निगम से कराएंगे जांच
डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह ने अमर उजाला के स्वास्थ्य शिविर की सराहना की है। साथ ही शुद्घ पानी न मिलने की वजह से रोग बढ़ने की जानकारी पर उन्होंने कहा कि वह इसकी जांच जल निगम की टीम भेजकर करवाएंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों को शुद्घ पानी मिले, इसके हर संभव प्रयास किए जाएंगे।