पंजाबी महासभा और कोका कोला ने भी किया सहयोग
बरेली। अमर उजाला फाउंडेशन ने जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का अभियान जारी रखते हुए प्रतिष्ठानों पर कार्यरत श्रमिकों को भी राशन आदि उपलब्ध कराया। इन दिनों तमाम व्यापारिक प्रतिष्ठान लॉकडाउन में बंद होने से हजारों श्रमिक प्रभावित हैं। जरूरतमंद और गरीबों के हाथों में जब भोजन और कोल्ड ड्रिंक्स पहुंचा तो वे गदगद हो गए।
गुरुवार की सुबह चौकी चौराहा और पटेल चौक पर कोका कोला कंपनी और सीता रसोई के सहयोग से लगे राहत कैंप में पूड़ी-सब्जी, तहरी और कोल्ड ड्रिंक्स का वितरित किया गया। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में जरूरतमंद पहुंचे और भोजन के साथ कोल्ड ड्रिंक्स पाकर बहुत खुश हुए। आयोजन में विनय गुप्ता, रमेश अग्रवाल, प्रभात अग्रवाल, नीरव अग्रवाल और कोका कोला कंपनी के अधिकारी विष्णु शर्मा आदि का सहयोग रहा। चौकी प्रभारी वेदपाल सिंह और स्टेशन चौकी प्रभारी सिद्धांत शर्मा ने सामग्री बांटी।
फाउंडेशन ने शाम को पंजाबी महासभा के सहयोग से दुकानों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्य करने वाले श्रमिकों को कोहाड़ापीर और आसपास के क्षेत्रों में राशन वितरण कराया। राशन किट में आटा, चावल, चीनी, चाय पत्ती, खाद्य तेल, नमक मिर्च आदि शामिल था। संजय आनंद आदि ने किट वितरित कराई। अभियान शुक्रवार को भी जारी रहेगा।