रैली में स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस के स्वयंसेवकों का जोश देखते ही बन रहा था। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से जोश बढ़ता गया। कड़ी धूप भी स्कूली बच्चों के जोश को कम न कर सकी। इससे पूर्व तय समय से पहले ही स्कूली बच्चे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे। गांधी उद्यान परिसर तिरंगामय हो गया।
वॉक फार यूनिटी के दौरान देशभक्ति के तराने गूंजते रहे। गांधी उद्यान से सर्किट हाउस चौराहा, चौकी चौराहा, प्रभा टॉकीज रोड के रास्ते वापस गांधी उद्यान पहुंचकर वॉक फार यूनिटी समापन हुआ। इस दौरान जगह जगह समाजसेवा लोगों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
वॉक फार यूनिटी में शामिल स्कूली बच्चे
रविवार को तिरंगा यात्रा-वाहन रैली
13 अगस्त को सुबह 8 बजे आप अपनी कार, बाइक, स्कूटी और साइकिल लेकर बरेली क्लब पहुंचकर तिरंगा यात्रा वाहन रैली में शामिल हो सकते हैं। यात्रा बरेली क्लब से गांधी उद्यान, विकास भवन रोड से होते श्यामगंज पुल के ऊपर से गुजरेगी। ईंट पजाया चौराहा से प्रेमनगर, धर्मकांटा, सेलेक्शन प्वाइंट चौराहा, मॉडल टाउन रोड, डीडीपुरम होते हुए शील चौराहा से वापस बांके विहारी मंदिर से केके अस्पताल रोड, डेलापीर तिराहा, स्टेडियम रोड होते हुए डोरीलाल अग्रवाल स्टेडियम पहुंचेगी। यहां इसका समापन होगा।
शहर के 23 चौराहों पर गूंजेगा राष्ट्रगान
15 अगस्त को सुबह 10 बजे सिटी सब्जी मंडी मोड़, कलक्ट्रेट चौराहा, कुतुबखाना चौक, सौ फुटा रोड, डेलापीर तिराहा, सेलेक्शन प्वॉइंट चौराहा, शील चौराहा, ईंट पजाया चौराहा, अलखनाथ मंदिर, नगर निगम, श्यामगंज चौराहा, धर्मकांटा, गणेश नगर, किला क्रॉसिंग, कारगिल/वीरांगना चौक, कोर्ट गेट, सेटेलाइट बस स्टैंड, कोहाड़ापीर तिराहा, बिहारीपुर पुलिस चौकी, पुराना बस अड्डा, गांधी उद्यान, बरेली कॉलेज गेट, मलूकपुर चौकी पर सामूहिक राष्ट्रगान होगा। शहरवासियों से अनुरोध है कि 52 सेकंड के लिए राष्ट्रगान के सम्मान में ठहर जाएं।
14 अगस्त को स्टेडियम में होंगी खेल प्रतियोगिताएं
जिला ओलंपिक संघ की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में 14 अगस्त को मिनी ओलंपियाड के तहत खेल प्रतियोगिताएं होंगी। जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आशीष गुप्ता और आरएसओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि इसमें बालिका श्रेणी में वेटलिफ्टिंग, अंडर-16 में बालक व बालिका वर्ग में बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, बास्केटबाल के आयोजन होंगे। एथलेटिक्स में भाला फेंक और 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता होगी।