यह किसी सुखद एहसास से कम नहीं कि आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हुए ‘अमर उजाला’ इस शहर में अपनी स्थापना के 50 साल पूरे कर रहा है। बृहस्पतिवार को इस मौके पर अमर उजाला परिसर में बड़े जश्न की तैयारी है। अमर उजाला अपनी स्वर्ण जयंती वर्षगांठ अपने उन साथियों के साथ मनाएगा,
जिन्होंने उसे ऊंचाइयों पर स्थापित करने के लिए बरसोंबरस नींव के पत्थर की भूमिका निभाई है। अमर उजाला परिवार की ओर से इन साथियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बरेली में अमर उजाला की यात्रा की शुरुआत 17 जनवरी 1969 को हुई थी। इस बार 50वीं वर्षगांठ मनाने जा रहे अमर उजाला ने इस सप्ताह की शुरुआत अपने अपराजिता अभियान के तहत शहर की उन बेटियों को सम्मानित करते हुए की जिन्होंने अपने जुझारूपन से समाज में विशिष्ट मुकाम हासिल किया।
पहले त्रिवटीनाथ मंदिर में राधास्वरूपा जया किशोरी के श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम और फिर उत्तरायणी मेले में इन बेटियों को सम्मानित किया गया।
मुरारीलाल माहेश्वरी, राम मनोहर लोहिया व डोरीलाल अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद स्कूली क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में अमर उजाला क्रिकेट लीग शुरू हुई, जिसके समापन के मौके पर बुधवार को 12 स्कूलों के बच्चों ने अमर उजाला के साथ
‘स्वच्छ बरेली- हर ओर हरियाली’ रैली निकालकर शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। बृहस्पतिवार को 50वीं वर्षगांठ के समारोह से पहले सुबह नौ बजे अमर उजाला परिसर में हवन-पूजन होगा और इसके बाद 11 बजे समारोह का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
रंगारंग कार्यक्रमों के बीच इस समारोह में पहले अमर उजाला से सेवानिवृत्त हुए साथियों और उसके बाद उन साथियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अमर उजाला की यात्रा में लंबी दूरी तक उसका साथ निभाया है।
इसी क्रम में वे सभी अभिकर्ता और रिटेनर भी सम्मानित होंगे जो अमर उजाला के प्रसार की रीढ़ हैं। अंत में हर विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथियों के सम्मान और सहभोज के साथ यह समारोह संपन्न हो जाएगा।