एफडी, आईडी खोलकर जमा कराया जाता था रुपया
अमर ज्योति फाइनेंस कंपनी का दफ्तर सदर कोतवाली क्षेत्र के मीरा सराय शेखूपुर रोड पर है। करीब 30 साल से एजेंटों के माध्यम से आईडी और एफडी के नाम पर रुपये जमा कराती आ रही है। यहां करीब 20 हजार से अधिक ग्राहक ऐसे हैं जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई जोड़कर जमा कर दी। उम्मीद थी कि पांच साल में रुपया दोगुना हो जाएगा। करीब 15 हजार ग्राहक ऐसे हैं, जिनका करीब एक अरब रुपये कंपनी को भुगतान करना है। यह वह ग्राहक हैं जिनका एक साल पहले ही भुगतान हो जाना चाहिए था लेकिन कंपनी एक साल से ग्राहकों को आज कल करके टालती आ रही है।
कंपनी के अंदर से सभी सामान गायब
कंपनी दफ्तर के अंदर एसी, पंखा, काउंटर, कम्प्यूटर, अलमारी आदि करोड़ों रुपये का फर्नीचर लगा हुआ था। रातोंरात कंपनी के मालिक ने दफ्तर को खाली करा लिया है। शुक्रवार को ग्राहकों को इसकी भनक लगी तो मौके पर पहुंचकर हंगामा किया है। ग्राहकों का कहना है कि उनका भुगतान कराया जाए।
सदर कोतवाली के इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि कंपनी का कौन मालिक है इसकी जानकारी की जा रही है। तीन एजेंट मौके पर मिले हैं पूछताछ के लिए पुलिस उनको थाने लाई है। जानकारी की जा रही है। मालिक को बुलाकर ग्राहकों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।