पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शशिकांत और सूर्यकांत मौर्य पुत्र नारायण बरेली के कटरा चांद खां के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ बदायूं कोतवाली में धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। दोनों लंबे समय से वांछित चल रहे थे। पुलिस की ओर से उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सात सितंबर को एसटीएफ नोएडा यूनिट और कोतवाली बदायूं की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
बरेली में भी दर्ज हैं मामले
आरोप है कि दोनों भाइयों ने बदायूं में अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड का कार्यालय खोलकर निवेशकों को रकम जमा करने के लिए आकर्षित किया और बाद में करोड़ों रुपये की ठगी की। मामले की जांच के दौरान बरेली में भी इनके खिलाफ ठगी की रिपोर्ट सामने आई है। बारादरी थाने में नगर निगम की महिला कर्मचारी ने इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों पर अब तक कई मामले दर्ज हो चुके हैं।