निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप
ग्राम प्रशासक महेंद्र पाल वर्मा ने टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और जांच की मांग की। ग्रामीण प्रेमशंकर, अमित, रामप्रकाश, अनुज, मोहित, रामचरनलाल आदि ने बताया कि तेज हवा चलने पर निर्माणाधीन टंकी हिलती है। चौकीदार को मेहनताना नहीं मिला है। टंकी के ढांचे के कभी भी गिरने की आशंका है, जो हादसे का कारण बन सकता है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद अबतक पीने के लिए पानी नहीं मिल सका है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मीरगंज की एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक सीढ़ियां ढहने के संबंध में जांच कराई जाएगी। निर्माण की गुणवत्ता भी जांची जाएगी। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिवार की सहायता कराई जाएगी।
कहा था मौसम साफ होने पर जाना...
गांव के साथियों संग निकले वरुण (20) की मौत की सूचना से परिजन स्तब्ध हैं। गांव ईधजागीर के वरुण गांव के जितिन कुमार, हीरालाल, शाहिल के साथ मीरगंज के बकैनिया बीरपुर गांव में बन रही टंकी पर शटरिंग का काम करने गए थे। चचेरे भाई अधिवक्ता कुंवरसेन गंगवार ने बताया कि रविवार को टंकी की सीढ़ियों के मलबे में वरुण और हीरालाल दब गए थे।
उपचार के दौरान वरुण ने दम तोड़ दिया। गनीमत है कि जितिन और शाहिल सुरक्षित हैं। वरुण की मौत से मां पुष्पा देवी, भाई राहुल और पिता डोरीलाल बेहाल हैं। मां बार-बार कह रही हैं कि बेटे से कहा था कि मौसम साफ होने पर काम पर जाना लेकिन वह नहीं माना... लौटकर नहीं सका। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।