बरेली। जिले में हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। शहर निवासी छात्र नेता जितेंद्र प्रताप सिंह की अलीगंज क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत में जान चली गई। झुमका तिराहे पर बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। इसमें मां-बेटे की मौत हो गई। मीरगंज के दंपती की बाइक को बदायूं रोड पर टैंकर ने टक्कर मार दी। इसमें महिला की मौत हो गई, जबकि पति और बेटी घायल हो गई। बहेड़ी में भी ट्रक की टक्कर से युवक की मौत हो गई।
संजयनगर के अशोक विहार निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र प्रताप सिंह उर्फ जीतू अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता रहे थे। वह मूलरूप से अलीगंज के शेखूपुर गांव के रहने वाले थे। मंगलवार रात जितेंद्र शेखूपुर से बरेली आने के लिए बाइक से निकले। रफियाबाद गांव के पास जितेंद्र की बाइक सूदनपुर गांव के एक युवक की बुलेट बाइक से भिड़ गई। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में जीतू को जिला अस्पताल लाया गया। देर रात उनकी मौत हो गई। इधर, मीरगंज के सलामतगंज निवासी हरपाल बुधवार को पत्नी 30 वर्षीय पुष्पा, चार साल की बेटी शिवानी और आठ माह की बेटी खुशबू के साथ बाइक से बदायूं गए थे। दोपहर में लौटते वक्त सुभाषनगर क्षेत्र में शहीद पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक को टैंकर ने टक्कर मार दी। इससे पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई। खुशबू छिटककर दूर जा गिरी तो बच गई, लेकिन हरपाल और शिवानी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने टैंकर ड्राइवर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
सीबीगंज। तिलियापुर निवासी 25 वर्षीय आसिफ के शेरगढ़ के बैरमनगर रम्पुरा निवासी साले आसिफ का बुधवार को रिश्ता तय होना था। लिहाजा आसिफ अपनी मां 45 वर्षीय जायरा और चचेरे भाई नूरुद्दीन के साथ बाइक से बैरमनगर जा रहे थे। वह जैसे ही परसाखेड़ा में झुमका तिराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना पर परसाखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच आसिफ ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जायरा और नूरुद्दीन को शहर के निजी अस्पताल में भेजा, लेकिन रास्ते में जायरा की भी मौत हो गई।
बहेड़ी। गांव मिती बालपुर निवासी 40 वर्षीय चंद्रपाल अपने दोस्त मनीष निवासी अस्पताल कॉलोनी के साथ बाइक से मंगलवार रात रुद्रपुर से बहेड़ी आ रहे थे। बाइक चंद्रपाल चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट भी नहीं लगाया था। नैनीताल हाईवे पर मंडनपुर के पास पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। चंद्रपाल उछलकर गिरे तो उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मनीष भी घायल हो गए। चंद्रपाल के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
छात्र नेता की मौत पर कोहराम
जीतू विद्यार्थी परिषद के चर्चित छात्र नेता रहे थे। उन्होंने अशोक नगर में मकान बना रखा है पर गांव शेखूपुर से उनका ज्यादा जुड़ाव था। परिवार में पत्नी रजनेश और चार साल का बेटा आयुष हैं। जीतू की मौत की खबर पर छात्र राजनीति से जुड़े तमाम लोग परिवार को सांत्वना देने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
राजमिस्त्री का काम करता था आसिफ
झुमका तिराहे पर आसिफ और उनकी मां की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। आसिफ के पिता रइसुद्दीन की मौत पांच साल पहले हो गई थी। परिवार में दो भाई अमन, आसिफ और मां जायरा ही थीं। आसिफ राजमिस्त्री का काम करता था, जबकि भाई अमन ड्राइविंग करता है। हादसे के वक्त आसिफ हेलमेट भी लगाए था, पर उसकी जान नहीं बच सकी।