इज्जतनगर के धौरेरा माफी निवासी फैजिल उर्फ फैजल ने बताया कि डेटिंग एप के जरिये उसकी जान पहचान पीलीभीत निवासी सोनम से हुई। सोनम ने खुद को कुंवारा बताया और फैजल से मिलने भी आई। सोनम ने उसे मोबाइल फोन भी गिफ्ट किया। सोनम ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथी मौलाना अकील अहमद के पास ले जाकर उससे निकाह कर लिया।
सोनम की तलाश और खोजबीन की तो पता चला कि वह शादीशुदा और तीन बच्चों की मां है। सोनम अपने पति गुड्डू और साथियों की मदद से हनी ट्रैप गिरोह चलाकर सीधे-साधे लोगों को फंसाकर उनसे वसूली करती है। सोनम की पोल खुली तो वह छह लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगी। रंगदारी न देने पर परिवार समेत जेल भिजवाने की धमकी देने लगी।
फैजल और उसके चाचा के मोबाइल फोन पर कॉल कर रंगदारी मांगी गई जिससे परिवार परेशान हो गया। फैजल ने पुलिस से शिकायत की तो सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर इज्जतनगर थाने में सोनम, गुड्डू व अकील अहमद और पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।