बरेली। नगर निगम के सामने स्थित एलन क्लब सब्जी मंडी की दुकानों का टेंडर इस बार बढ़ाकर 88.80 लाख कर दिया गया है। इससे यहां पर सब्जी व फल की दुकानें चला रहे 205 व्यापारियों को अधिक किराया देना होगा। इससे व्यापारी चिंतित हो गए हैं।
पिछले साल इस मंडी का टेंडर 80.60 लाख रुपये में हुआ था। प्रत्येक दुकानदार को औसत 160 रुपये प्रतिदिन देना पड़ता था। इस बार इसको बढ़ाकर 88.80 लाख कर दिया गया है। यह टेंडर इस बार अब्दुल मुस्तफा को मिला है। अब व्यापारियों को किराया बढ़ने की चिंता सता रही है। मंडी के व्यापारी तेजपाल श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार ने बताया कि रोजाना अगर 500 रुपये कमाई हो रही है तो 160 रुपये ठेकेदार ले जाता है। अगर ज्यादा रकम में टेंडर हुआ है तो निश्चित तौर ठेकेदार प्रतिदिन का किराया भी ज्यादा लेंगे। इसको लेकर नगर आयुक्त से मुलाकात कर किराया नहीं बढ़ाने की मांग की गई है।
सड़क पर सजती है अवैध मंडी
व्यापारियों का आरोप है कि सड़क पर अवैध मंडी सजती है। सुबह सड़क पर फल व सब्जी वाले ठेला लगा लेते हैं। इससे काफी खरीदार अंदर नहीं आते। वह बाहर खरीदारी करके चले जाते हैं। उनसे अवैध वसूली की धनराशि किसके जेब में जाती है, यह किसी को नहीं पता।
वर्जन
व्यापारियों की समस्याओं का ध्यान रखा जाता है। मंडी का टेंडर बढ़ाया गया है। नगर निगम की आय बढ़ने से विकास कार्य तेज होंगे। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त