27 नवंबर को बरेली में धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी
भोजीपुरा/फरीदपुर। हड़ताल पर रहने बावजूद ब्लाॅक के अफसरों की ओर से कार्रवाई का भय दिखाकर रोजगार सेवकों से जबरन काम लिया जा रहा है। भोजीपुरा में रोजगार सेवकों ने बुधवार को बीडीओ भोजीपुरा को ज्ञापन दिया। रोजगार सेवकों ने कहा है कि उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष समिति के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर 21 नवंबर से हड़ताल पर हैं। इसके बाद भी ब्लाॅक के अधिकारियों द्वारा एनएमएम एप पर उपस्थिति दर्ज करवाने व मस्टरोल बनवाने का काम कार्रवाई का भय दिखाकर लिया जा रहा है। बीडीओ भोजीपुरा ईशा हर्षिता अग्निहोत्री ने बताया कि ज्ञापन मिल गया है। कार्रवाई का भय या धमकाकर काम करवाने का आरोप निराधार है।
इधर, फरीदपुर में भी ग्राम रोजगार सेवकों ने भी अपनी मांगों को मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को फरीदपुर के बीडीओ के नाम ज्ञापन दिया है। आरोप लगाया कि अब जनपद में रोजगार सेवकों को कार्रवाई की धमकी देकर व डरा-धमकाकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। बीडीओ प्रशांत कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोप निराधार है। संवाद
रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी है कि मांगों का जल्द निस्तारण न होने पर 27 नवंबर को जिला मुख्यालय बरेली में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन और तीन दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा का घेराव करेंगे। संवाद
मनरेगा की जगह नई योजना के विरोध में खोला मोर्चा
बहेड़ी/शेरगढ़। विकासखंड के ग्राम रोजगार सेवकों ने उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर मनरेगा की जगह लागू की गई नई योजना के विरोध में आंदोलन का एलान किया है। सेवकों ने बीडीओ को ज्ञापन देकर 23 से 30 नवंबर तक रोजगार सृजन अभियान का बहिष्कार करने की जानकारी दी है। कार्रवाई न होने पर सभी ब्लॉक कार्यालय पर धरना देंगे। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र गंगवार, प्रवक्ता ओमकार, चंद्र प्रकाश, देवेंद्र आदि मौजूद रहे। इधर, शेरगढ़ में भी ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बीडीओ रमेश दत्त मिश्रा को ज्ञापन देकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस मौके पर रामप्रकाश गंगवार, निशार अहमद, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद