बरखन। क्षेत्र के गांव ज्योरा मकरंदपुर में एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा जिला पंचायत और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की भूमि में शामिल हिस्से को भी बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद मौके पर पहुंचीं लेखपाल ने पैमाइश कर अवैध कब्जे का चिह्नांकन किया। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग किनारे स्थित भूखंड के एक ओर जिला पंचायत का खड़ंजा मार्ग व दूसरी ओर पीडब्ल्यूडी की सड़क है। आरोप है कि एक काॅलोनाइजर ने उक्त भूखंड का सौदा कर यहां प्लॉटिंग भी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लॉटिंग के दौरान सरकारी भूमि का कुछ हिस्सा भी शामिल कर लिया गया।
इस संबंध में एक ग्रामीण ने करीब दो माह पूर्व एसडीएम से शिकायत की थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच काॅलोनाइजर ने धीरे-धीरे अधिकांश प्लॉट बेच दिए।
तीन दिन पूर्व दोबारा शिकायत मिलने पर एसडीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को लेखपाल पूनम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय पैमाइश की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर उन्होंने अवैध कब्जे का चिह्नांकन कर निर्माण करने वालों को कब्जा हटाने की चेतावनी दी है। साथ ही पूरे प्रकरण की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।