फरीदपुर। गांव रुरिया के राजकुमार (6) की मौत के बाद पिता विपिन ने लापरवाही बरतने के आरोप में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, ठेकेदार और संबंधित अभियंताओं के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने एसडीएम और थाने में बुधवार को शिकायती पत्र दिया है।
फरीदपुर के गांव रुरिया के विपिन ने बताया कि बेटा राजकुमार घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर शौच के लिए गया था। जहां गया वहां, पुल निर्माण कर रही बिल्डटेक कंपनी ने छह फुट गहरा और 100 मीटर लंबा नाला बनाया था। उसमें नकटिया नदी का बहाव मोड़ा था। हालांकि जलस्तर बढ़ने पर पुराना बहाव मार्ग बहाल कर दिया लेकिन नाले में पानी भरा रह गया। उसी में फिसलकर गिरा और डूबने से राजकुमार की जान चली गई।
आरोप है कि ठेकेदार खेमपाल गंगवार ने तीन माह पहले नाला खोदवाया लेकिन उसके आसपास सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। न संकेतक लगाए गए, न ही बैरिकेडिंग की गई। ग्रामीणों ने नाले को पाटने का अनुरोध ठेकेदार से कई बार किया। इसको ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर ने अनदेखा कर दिया। हादसे के बाद भी उसमें पानी भरा हुआ है, जिससे और हादसों का खतरा है। पिता ने लापरवाही बरतने के आरोप में ठेकेदार खेमपाल गंगवार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता राजीव अग्रवाल और सहायक अभियंता, बिल्डटेक कंपनी व साइट सुपरवाइजर प्रभारी समेत सभी संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ शिकायत की है। आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
वर्जन,
राजकुमार के पिता ने जो भी आरोप लगाए हैं, उनकी जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार पर कार्रवाई की जाएगी। - विदुषी सिंह, एसडीएम, फरीदपुर
00000
काम में लापरवाही नहीं बरती गई है। सूचना बोर्ड और बैरिकेडिंग लगी हुई है। 100 मीटर दूर घटना हुई है। इसके बावजूद यदि कोई आरोप लगा रहा है तो वे निराधार हैं। - राजीव अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी