मीरगंज । तहसील क्षेत्र के गांव बलूपुरा में होली स्थल पर अवैध कब्जे को लेकर उठा विवाद अब प्रशासनिक जांच के दायरे में आ गया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद शुक्रवार को तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि दूसरे समुदाय के कुछ लोगों द्वारा होली स्थल पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जबकि उक्त स्थान पर वर्षों से होली का आयोजन होता आ रहा है। इस संबंध में दर्जनों ग्रामीणों ने पूर्व में एसडीएम आलोक कुमार को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। विवाद बढ़ता देख ग्रामीणों ने एक दिन पूर्व बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार से भी शिकायत की थी। सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मीरगंज से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। संवाद
दोनों पक्षों को दस्तावेजों सहित बुलाया
एसडीएम मीरगंज आलोक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिलते ही मौके पर चल रहे कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया है। तहसीलदार द्वारा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। शनिवार को दोनों पक्षों को तहसील बुलाया गया है। दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लिया जाएगा। संवाद