बरेली। पत्नी के प्रेम प्रसंग से तंग युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवक के पिता ने इज्जतनगर थाने में पुत्रवधू और उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव पहाड़गंज निवासी रमेश ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में जिक्र किया है कि वह भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके बेटे सनी कुमार उर्फ राहुल का विवाह वर्ष 2017 में रामनगर कॉलोनी निवासी काजल से हुआ था। काजल का आकाश नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सनी को पता चला तो उसने काजल को समझाया। सनी ने काजल के चाचा सूरज से शिकायत की तो उसने जवाब दिया कि काजल आकाश से प्रेम करती है तो तू फंदा लगा ले।
इसके बाद सूरज ने सनी की पिटाई कर दी। सनी उत्तराखंड के हल्द्वानी में पत्नी के साथ रहकर पुताई का काम कर रहा था। काजल आठ अगस्त को अपने प्रेमी आकाश से मिलने बरेली आ गई। सनी भी 15 अगस्त को बरेली आया और काजल व उसके प्रेमी आकाश को समझाया। तब दोनों ने कहा कि तू फंदा लगा ले, हम दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं।
18 अगस्त को खुदकुशी से पहले सनी ने वीडियो बनाकर और सुसाइड नोट लिखकर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।